
पंजाब के अमृतसर में बुधवार रात एक युवक का दो निहंगों से झगड़ा हो गया। इस झगड़े में एक निहंग सिख की दस्तार उतर गई। इससे गुस्साए दो निहंगों और एक सिख युवक ने मिलकर युवक की जमकर पिटाई कर दी। पिटाई से घायल युवक की मौत हो गई। यह पूरी वारदात सीसीटीवी में कैद हो गई। घटना हरमंदिर साहिब को जाते रास्ते कोट माहना सिंह रोड की है। युवक का शव पूरी रात घटनास्थल पर ही पड़ा रहा।पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर छानबीन शुरू कर दी है। इस मामले के दो आरोपी गिरफ्तार कर लिए गए हैं।
सीसीटीवी में कैद हुई घटना
यह पूरी घटना सीसीटीवी में कैद हो गई। यह घटना हरमंदिर साहिब को जाने वाले कोट माहना सिंह रोड की है। मिली जानकारी के मुताबिक 35 साल का हरमनजीत 12 बजे एक युवती के साथ जा रहा था। उस समय वह सिगरेट पी रहा था।जब निहंग युवक उसके पास से गुजरे तो उन्होंने उसे सिगरेट पीने से मना किया। इस पर हरमनजीत ने हाथापाई शुरू कर दी। इस दौरान एक निहंग सिंह की दस्तार उतर गई। इसके बाद दो निहंग सिंह में से एक ने किरच से हरमनजीत पर हमला कर दिया। इससे हरमनजीत की मौत हो गई। पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान कर रही है।