आमतौर पर बॉक्स ऑफिस रिकॉर्ड ओपनिंग डे, वीकेंड या लाइफटाइम कलेक्शन से तय होते हैं, लेकिन जब कोई फिल्म रोज़ाना लगातार बड़ी कमाई करे तो उसका मुकाबला करना मुश्किल हो जाता है। ‘धुरंधर 2’ इस समय बॉक्स ऑफिस पर ऐसा ही प्रदर्शन कर रही है।
फिल्म ने लगातार 9 दिनों तक हर दिन कम से कम 40 करोड़ रुपये की कमाई की है, जिसे ब्लॉकबस्टर लेवल माना जाता है। खास बात यह है कि हिंदी वर्जन में भी फिल्म ने 9 दिनों तक 40 करोड़ से ज्यादा का कलेक्शन बनाए रखा।
इस दमदार प्रदर्शन के साथ ‘धुरंधर 2’ अब उन चुनिंदा फिल्मों में शामिल हो गई है, जिन्होंने लंबे समय तक लगातार शानदार कमाई की। इसी के साथ इसने ‘पुष्पा 2’, ‘बाहुबली 2’, ‘जवान’ और ‘एनिमल’ जैसी बड़ी फिल्मों के रिकॉर्ड भी पीछे छोड़ दिए हैं।
‘पुष्पा 2’ ने हिंदी में लगातार 5 दिनों तक 40 करोड़ से ज्यादा की कमाई की थी, जबकि ‘बाहुबली 2’, ‘जवान’ और ‘एनिमल’ ने 4-4 दिनों तक इस आंकड़े को पार किया था। वहीं ‘धुरंधर 2’ ने इस मामले में इन सभी फिल्मों को पीछे छोड़ दिया है।
‘धुरंधर 2’ का डे-वाइज कलेक्शन
Sacnilk के अनुसार, फिल्म ने पेड प्रीव्यू में 43 करोड़ रुपये कमाए। इसके बाद पहले दिन 102.55 करोड़, दूसरे दिन 80.72 करोड़ और तीसरे दिन 113 करोड़ का कलेक्शन किया। चौथे दिन फिल्म ने 114.85 करोड़, पांचवें दिन 65 करोड़, छठे दिन 56.60 करोड़ और सातवें दिन 48.75 करोड़ कमाए। आठवें दिन 49.70 करोड़ और नौवें दिन 41.75 करोड़ की कमाई हुई।
इन आंकड़ों से साफ है कि फिल्म ने लगातार मजबूत प्रदर्शन करते हुए बॉक्स ऑफिस पर अपनी पकड़ बनाए रखी है।
‘धुरंधर 2’ को आदित्य धर ने डायरेक्ट किया है, और उन्होंने ही इसे लिखा और प्रोड्यूस भी किया है। फिल्म में रणवीर सिंह मुख्य भूमिका में नजर आए हैं, जहां उन्होंने एक भारतीय जासूस का किरदार निभाया है।
यह फिल्म दो हिस्सों में रिलीज की गई है और इसमें संजय दत्त, आर. माधवन, अर्जुन रामपाल, सारा अर्जुन, राकेश बेदी और गौरव गेरा जैसे कई कलाकार अहम भूमिकाओं में हैं। फिल्म के गाने भी दर्शकों को काफी पसंद आए हैं। ‘धुरंधर 2’ 19 मार्च को सिनेमाघरों में रिलीज हुई थी।





