विक्की कौशल की आने वाली फिल्म महावतार में श्रद्धा कपूर के जुड़ने की खबरें चर्चा में हैं। इस संभावित नई जोड़ी को लेकर फैंस के बीच काफी उत्साह देखा जा रहा है, हालांकि अभी तक मेकर्स की ओर से कास्टिंग को लेकर कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है।
रिपोर्ट्स के मुताबिक, श्रद्धा कपूर को लेकर मेकर्स की बातचीत जारी है। मिड डे की रिपोर्ट में बताया गया है कि श्रद्धा इस किरदार के लिए सही विकल्प मानी जा रही हैं। टीम ऐसे चेहरे की तलाश में थी जिसमें स्टार अपील के साथ मजबूत स्क्रीन प्रेजेंस भी हो।
इसके साथ ही माना जा रहा है कि विक्की कौशल और श्रद्धा कपूर की जोड़ी पहली बार बड़े पर्दे पर दिख सकती है, जो फिल्म के लिए एक नया और फ्रेश कॉम्बिनेशन साबित हो सकता है।
पहले यह चर्चा थी कि दीपिका पादुकोण फिल्म महावतार का हिस्सा हो सकती हैं, लेकिन अब रिपोर्ट्स के अनुसार उनके और मेकर्स के बीच बात आगे नहीं बढ़ सकी है। हालांकि इस बारे में अभी तक किसी तरह की आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है।
मिड डे की रिपोर्ट के मुताबिक, विक्की कौशल फिलहाल अपनी फिजिकल ट्रेनिंग शुरू नहीं कर पा रहे हैं क्योंकि वह संजय लीला भंसाली की फिल्म लव एंड वॉर की शूटिंग में व्यस्त हैं, जहां उनका एथलेटिक लुक है।
वहीं महावतार के लिए उन्हें एक पहलवान जैसे मजबूत और भारी शरीर की जरूरत होगी, जिसके लिए खास तैयारी करनी पड़ेगी।
इसके अलावा विक्की कौशल को फिल्म में रफ-टफ लुक के साथ लंबे जटाधारी बाल भी रखने होंगे। लव एंड वॉर की शूटिंग अप्रैल में पूरी होने के बाद वह अपने इस नए किरदार के लिए खास डाइट प्लान और वर्कआउट रूटीन अपनाएंगे। इस प्रोजेक्ट की घोषणा साल 2024 में की गई थी और इसका फर्स्ट लुक भी जारी किया गया था, जो रिलीज होते ही वायरल हो गया था।
महावतार में विक्की कौशल चिरंजीवी परशुराम का किरदार निभाते नजर आएंगे। फिल्म का निर्देशन अमर कौशिक कर रहे हैं। यह फिल्म क्रिसमस 2026 के मौके पर सिनेमाघरों में रिलीज होगी।





